वाराणसी। दशाश्वमेध थाना क्षेत्र अंतर्गत मदनपुरा पुलिस चौकी की सतर्कता और संवेदनशीलता से एक बिछड़ा हुआ मासूम अपने परिवार से सकुशल मिल सका। तेलंगाना से अपने माता-पिता के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन को आए 7 वर्षीय बच्चे का गिरजाघर चौराहे के पास अपनी मां से बिछड़ने का मामला सामने आया था। जानकारी के अनुसार, दर्शन के दौरान भीड़ के बीच बच्चा अपनी मां रेणुका देवी से अलग हो गया। घबराए हुए बच्चे को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित मदनपुरा पुलिस चौकी पहुंचाया। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विशाल विक्रम सिंह ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल बच्चे के माता-पिता की तलाश शुरू कराई। पुलिस टीम बच्चे को साथ लेकर आसपास के इलाकों में खोजबीन करने लगी। अथक प्रयास के बाद कुछ ही समय में बच्चे की मां रेणुका देवी का पता चल गया। इसके बाद उपनिरीक्षक विशाल विक्रम सिंह के नेतृत्व में सिपाही देवेंद्र यादव एवं धनराज ने बच्चे को सकुशल उसकी मां से मिलवाया। मां-बेटे के मिलन के भावुक क्षणों ने वहां मौजूद लोगों की आंखें नम कर दीं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से यह घटना सुखद अंत तक पहुंची। बच्चे के परिजनों ने मदनपुरा पुलिस और सहयोग करने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की।यह घटना वाराणसी पुलिस की मानवीय कार्यशैली और तत्परता का जीवंत उदाहरण बनी है









