वाराणसी। काशी के कोतवाल बाबा श्री काल भैरव की स्वर्ण-रजत प्रतिमा की 72वीं भव्य शोभायात्रा के दौरान स्वर्णकार भारती सेवा संस्थान, वाराणसी महानगर महिला प्रकोष्ठ की ओर से श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया गया। दारानगर स्थित ज्वाला देवी मंदिर के समीप महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारियों ने अध्यक्ष सुनीति सिंह के नेतृत्व में शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा की तथा हजारों श्रद्धालुओं के बीच छाछ एवं अन्य शीतल पेय पदार्थों का वितरण कर सेवा भाव का परिचय दिया।
महानगर अध्यक्ष सुनीति सिंह ने बताया कि पहली बार स्वर्णकार समाज की बड़ी संख्या में महिलाओं ने एकजुट होकर शोभायात्रा का स्वागत किया। इस अवसर पर बाबा श्री काल भैरव की स्वर्ण-रजत प्रतिमा की विधिवत आरती उतारी गई और श्रद्धालुओं की सेवा को समर्पित भाव से छाछ व अन्य पेय पदार्थ वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि सेवा, श्रद्धा और सामाजिक सहभागिता की यह परंपरा आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में क्षमा सिंह, मीनाक्षी वर्मा, सुनंदा सेठ, रंजीता सेठ, सीमा सिंह, आशा सेठ, मीणा सेठ, संजय सिंह एवं प्रताप सिंह सहित संस्थान के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।









