वाराणसी। धर्म नगरी काशी के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं से अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए श्री काल भैरव मंदिर परिसर में सक्रिय एक गिरोह को गिरफ्त में लिया है। पुलिस ने ‘सुगम दर्शन’ और जल्दी दर्शन कराने के नाम पर श्रद्धालुओं से जबरन धन उगाही करने वाले 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार मंदिर के निकास द्वार के पास कुछ लोग संगठित तरीके से श्रद्धालुओं को गुमराह कर दर्शन कराने के नाम पर पैसे वसूलते थे। विरोध करने पर ये लोग अभद्रता और विवाद पर उतारू हो जाते थे। लगातार शिकायतें मिलने के बाद सहायक पुलिस आयुक्त (कोतवाली) विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में कोतवाली थाना पुलिस ने मंदिर परिसर में छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 11 आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के साथ ठगी, दलाली और अवैध वसूली किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।










