वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश पर चल रहे अपराध-विरोधी विशेष अभियान के तहत लक्सा पुलिस ने ऑनलाइन जुआ खेलने वाले दो शातिर जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 1710 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। 4 दिसंबर 2025 को मुखबिर खास से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने लक्सा थाना क्षेत्र के मीरबाग मोहल्ले में पुरानी यूनियन बैंक के सामने स्थित गली में छापेमारी की। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध तथा थानाध्यक्ष लक्सा के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। मौके पर मिले दोनों व्यक्ति ‘भाग्यलक्ष्मी’ नामक मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए ऑनलाइन जुआ खेलते पकड़े गए। पूछताछ में उनकी पहचान विरेंद्र यादव (36), निवासी रामापुरा, थाना लक्सा और राजेश्वर प्रसाद (35), निवासी कोल्हुआ विनायका, थाना भेलूपुर के रूप में हुई। इनके पास से 1710 रुपए नकदी और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ। दोनों के खिलाफ लक्सा थाने में मुकदमा संख्या 0084/2025, धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। गिरफ्तारी 4 दिसंबर को दोपहर लगभग 11:52 बजे की गई। पुलिस ने आरोपितों को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष लक्सा राजू कुमार, चौकी प्रभारी औरंगाबाद प्रमोद कुशवाहा, कांस्टेबल रंजन कुमार कुशवाहा तथा मुकेश कुमार मिश्रा शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन जुआ व इससे जुड़े अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।









