वाराणसी। थाना लोहता पुलिस ने ऑटो से बैटरी चोरी की घटना का त्वरित अनावरण करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की तीन बैटरियां बरामद की हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर चोरी, लूट एवं नकबजनी की घटनाओं के खुलासे और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त रोहनियां के निर्देशन में थाना लोहता पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार 18 मई 2026 को एक व्यक्ति ने थाना लोहता में प्रार्थना पत्र देकर घर के बाहर खड़ी अपनी ऑटो से अज्ञात व्यक्ति द्वारा बैटरी चोरी कर लिए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर थाना लोहता में संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की गई। विवेचना उपनिरीक्षक ऋतुराज मिश्रा द्वारा की जा रही थी।

जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना लोहता पुलिस ने विशुनपुर स्थित बाग के किनारे से आरोपी नौशाद अली पुत्र असलम, निवासी नई बस्ती धन्नीपुर, थाना लोहता को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की तीन बैटरियां बरामद हुईं। आरोपी की उम्र करीब 26 वर्ष बताई गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध थाना लोहता में मुकदमा संख्या 161/2026 धारा 303(2), 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय, उपनिरीक्षक रवि गोंड, उपनिरीक्षक ऋतुराज मिश्रा, हेड कांस्टेबल प्रवीन कुमार सिंह तथा हेड कांस्टेबल सत्यप्रकाश सिंह शामिल रहे।









