वाराणसी। एटीएम में लोहे की प्लेट लगाकर ग्राहकों से धोखाधड़ी कर रुपये चोरी करने वाले गिरोह का भेलूपुर पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार लोहे की प्लेटें, एक सफेद टेप, एक काले रंग का मोटा कागज तथा ₹39,800 नकद बरामद किया है।
पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल एवं अपर पुलिस उपायुक्त वैभव बांगर के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर गौरव कुमार के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह की टीम ने रविवार को बिरदोपुर क्षेत्र से सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदर्श कुमार, सचिन कुमार, अभय राजपूत, राजकुमार, हिमांशु सिंह तथा प्रिंस कुमार (सभी जनपद फतेहपुर निवासी) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी एटीएम मशीन में लोहे की प्लेट लगाकर ग्राहकों के पैसे फंसाते थे और बाद में उन्हें निकालकर फरार हो जाते थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रिंस कुमार के विरुद्ध पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

अपर पुलिस उपायुक्त वैभव बांगर ने बताया कि एटीएम में प्लेट लगाकर चोरी और धोखाधड़ी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह, उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक सूर्यभान, उपनिरीक्षक संदीप सिंह, कांस्टेबल श्यामू, विवेक कुमार, विनय कुमार, सूरज भारती, रंग बहादुर सिंह, विष्णु प्रताप सिंह, अश्वनी तथा सर्विलांस सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










