वाराणसी। शिक्षा के क्षेत्र में बालिकाओं को सुरक्षित, शांत एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अवलेशपुर, कंदवा स्थित एसएमएस बॉयज हॉस्टल के समीप ‘महालक्ष्मी गर्ल्स हॉस्टल’ का भव्य शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया।
हॉस्टल का उद्घाटन कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव एवं रोहनिया विधायक सुनील पटेल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। कार्यक्रम में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिथियों ने नवस्थापित हॉस्टल का अवलोकन कर इसकी व्यवस्थाओं की सराहना की तथा इसे छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है। छात्राओं को सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। महालक्ष्मी गर्ल्स हॉस्टल जैसी संस्थाएं दूर-दराज से आने वाली छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनके सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

वहीं रोहनिया विधायक सुनील पटेल ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को महानगरों में सुरक्षित आवास की समस्या का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह हॉस्टल न केवल उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करेगा बल्कि उन्हें शिक्षा के लिए अनुकूल माहौल भी प्रदान करेगा।
एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षित बेटियां ही सशक्त समाज की आधारशिला हैं। सरकार महिला शिक्षा एवं सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने हॉस्टल प्रबंधन को इस सामाजिक एवं शैक्षिक पहल के लिए बधाई देते हुए छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हॉस्टल के संचालक रोहित कुमार श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि महालक्ष्मी गर्ल्स हॉस्टल की स्थापना का उद्देश्य दूर-दराज जनपदों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से वाराणसी में अध्ययन हेतु आने वाली छात्राओं को सुरक्षित, अनुशासित एवं शांत वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यहां छात्राओं की सुरक्षा, स्वच्छता, पौष्टिक भोजन तथा अध्ययन के लिए आवश्यक सभी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है, जिससे वे बिना किसी चिंता के अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकें।
कार्यक्रम में दि बनारस बार एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष दिलीप कुमार श्रीवास्तव सहित अनेक सामाजिक, शैक्षिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने हॉस्टल की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे छात्राओं के लिए सुरक्षित एवं आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवासीय केंद्र बताया।
उद्घाटन समारोह के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने इस पहल को वाराणसी में छात्राओं के लिए शिक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए इसके सफल संचालन की शुभकामनाएं दीं।









