वाराणसी। मेरा युवा भारत द्वारा संचालित अन्तरराज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के अंतर्गत वाराणसी से सात सदस्यीय युवाओं का एक दल गुजरात के सूरत शहर के लिए रवाना हुआ। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी यतेंद्र सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम युवाओं को देश की विविध संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक संरचनाओं से परिचित कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को एक राज्य से दूसरे राज्य में भेजकर उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास करना, आपसी समझ को मजबूत करना तथा एक भारत–श्रेष्ठ भारत की भावना को व्यवहारिक रूप से सुदृढ़ करना है। पांच दिवसीय आवासीय कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी युवा गुजरात राज्य की संस्कृति, भूगोल, खान-पान, लोकजीवन एवं सामाजिक कार्यप्रणाली को नजदीक से समझेंगे। साथ ही विभिन्न शैक्षणिक,सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेकर अनुभव साझा करेंगे।इस सात सदस्यीय दल का नेतृत्व दो एस्कॉर्ट ऑफिसर राकेश यादव एवं प्रदीप कुमार कर रहे हैं। कार्यक्रम से लौटने के बाद प्रतिभागी युवा अपने अनुभवों को अन्य युवाओं के साथ साझा करेंगे, जिससे समाज में राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समन्वय की भावना को और बल मिलेगा।









