Follow us on

Home » ब रे का » स्वतंत्रता दिवस पर बरेका ने रचा उत्पादन का नया इतिहास, 572 लोकोमोटिव निर्माण का रिकॉर्ड

  स्वतंत्रता दिवस पर बरेका ने रचा उत्पादन का नया इतिहास, 572 लोकोमोटिव निर्माण का रिकॉर्ड 

Share this post:

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह शनिवार को हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। बरेका स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर उन्होंने बरेका की उत्पादन उपलब्धियों, तकनीकी नवाचार, आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों को रेखांकित किया।

समारोह का शुभारंभ ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुआ। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान के बीच रेलवे सुरक्षा बल, सेंट जॉन्स एंबुलेंस ब्रिगेड, नागरिक सुरक्षा दल, भारत स्काउट एवं गाइड तथा बरेका इंटर कॉलेज के स्काउट-गाइड, कब और बुलबुल की टुकड़ियों ने राष्ट्रीय सलामी दी। पूरा स्टेडियम देशभक्ति के नारों और तिरंगे की आभा से सराबोर रहा।

अपने संबोधन में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों और राष्ट्र निर्माताओं को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है तथा इसकी गरिमा और अखंडता को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

उन्होंने कहा कि भारतीय रेल देश की आर्थिक और सामाजिक प्रगति की आधारशिला है तथा बरेका स्थापना काल से ही राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देता आ रहा है। उन्होंने बरेका की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा, “बरेका सिर्फ एक कारखाना नहीं है, बरेका है—विरासत बनारस की, गति आधुनिक भारत की।”

महाप्रबंधक ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में बरेका को 460 विद्युत रेल इंजनों के निर्माण का लक्ष्य मिला है, जिसमें 166 अमृत भारत लोकोमोटिव शामिल हैं। चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 190 से अधिक रेल इंजनों का निर्माण किया जा चुका है। जुलाई 2026 में बरेका ने एक माह में 65 विद्युत लोकोमोटिव बनाकर अपना सर्वाधिक मासिक उत्पादन दर्ज किया।

उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बरेका ने 572 रेल इंजनों का रिकॉर्ड उत्पादन किया, जो किसी भी वित्तीय वर्ष में अब तक का सर्वाधिक लोकोमोटिव उत्पादन है। इसी अवधि में 558 विद्युत लोकोमोटिव का उत्पादन हुआ। श्रम, सामग्री और ऊपरी लागत को मिलाकर बरेका का कुल टर्नओवर करीब 5,844 करोड़ रुपये रहा, जो वर्ष 2024-25 की तुलना में 17 प्रतिशत अधिक है। इस वित्तीय वर्ष में रेलवे आपूर्तिकर्ताओं को करीब 6,200 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।

 बरेका की वैश्विक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए महाप्रबंधक ने बताया कि अब तक 11 देशों को 180 से अधिक लोकोमोटिव निर्यात किए जा चुके हैं। वर्तमान में आईसीवीएल, मोजाम्बिक और दक्षिण अफ्रीका के लिए लोकोमोटिव तथा केप गेज बोगी असेंबली की आपूर्ति से संबंधित कार्य चल रहा है। बांग्लादेश के लिए 2200 एचपी मीटर गेज लोकोमोटिव परियोजना भी प्रगति पर है।

उन्होंने बताया कि बरेका द्वारा सेल दुर्गापुर और सेल राउरकेला को दो WDS-6 ADT डीजल लोकोमोटिव उपलब्ध कराए जा चुके हैं। अन्य परियोजनाओं पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।

महाप्रबंधक ने कहा कि बरेका तकनीकी नवाचार और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। वर्तमान में निर्मित लोकोमोटिव में ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली, वॉटरलेस यूरिनल, सिग्नल एक्सचेंज लाइट, डीपीडब्ल्यूसीएस, इलेक्ट्रिक वाइपर, एर्गोनॉमिक क्रू सीट और इंस्पेक्टर सीट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

बरेका में अत्याधुनिक अमृत भारत पुश-पुल लोकोमोटिव का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके उत्पादन को गति देने के लिए इन-हाउस विनिर्माण क्षमता का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति बरेका की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए महाप्रबंधक ने बताया कि बरेका परिसर में 3,874 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र संचालित हैं, जिनसे कुल विद्युत आवश्यकता का करीब 19 प्रतिशत हिस्सा पूरा किया जा रहा है। इस वर्ष 5,000 पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है। ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरणीय उत्कृष्टता के लिए बरेका को ग्रीनको गोल्ड प्रमाण-पत्र भी प्राप्त हुआ है।उन्होंने बताया कि परिसर को स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए वाराणसी नगर निगम के साथ नगरीय ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर समझौता किया गया है। कौशल विकास को प्राथमिकता बताते हुए महाप्रबंधक ने कहा कि प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र द्वारा जून 2026 तक 800 से अधिक कर्मचारियों को 8,400 से अधिक प्रशिक्षण दिवसों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया है। इसके अलावा 1,100 से अधिक इंजीनियरिंग एवं डिप्लोमा विद्यार्थियों को ग्रीष्मकालीन औद्योगिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।

समारोह के दौरान महाप्रबंधक ने बरेका इंटर कॉलेज के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र और पुरस्कार प्रदान किए। वहीं दिव्यांग कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को उपयोगी सहायक उपकरण और स्मार्ट ग्लास वितरित किए गए।

महाप्रबंधक ने बरेका की राजभाषा और खेल उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार को रेल यात्रा वृत्तांत योजना-2025 में द्वितीय पुरस्कार तथा अखिल रेल हिंदी नाट्य उत्सव-2025 में बरेका के कलाकार को सर्वश्रेष्ठ सह-अभिनेता का पुरस्कार प्राप्त हुआ। खेल क्षेत्र में बरेका की टीम ने अखिल भारतीय रेलवे गोल्फ प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया।

इसके बाद बरेका संगीत महाविद्यालय, बरेका सांस्कृतिक संस्था, महिला कल्याण संगठन द्वारा संचालित चेतना विद्यालय, बाल निकेतन विद्यालय, सेंट जॉन्स स्कूल और बरेका इंटर कॉलेज के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। देशभक्ति गीतों, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन और राष्ट्रगान के साथ मुख्य समारोह का समापन हुआ। वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी (मुख्यालय) राज कुमार गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

मुख्य समारोह के बाद महाप्रबंधक आशुतोष पंत बरेका चिकित्सालय पहुंचे। उनकी उपस्थिति में एडवांस्ड हाईटेक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का उद्घाटन किया गया। उन्होंने भर्ती मरीजों का कुशलक्षेम जाना। बरेका महिला कल्याण संगठन की ओर से मरीजों को उपहार भी वितरित किए गए।

समारोह में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेंद्र कुमार सिंह, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा, उप महाप्रबंधक सागर सहित सभी विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी परिषद के पदाधिकारी, अनुसूचित जाति-जनजाति एसोसिएशन के पदाधिकारी, कर्मचारी, उनके परिजन एवं नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन निरीक्षक रेलवे सुरक्षा बल अजय कुमार सिंह एवं वरिष्ठ लिपिक शैलेन्द्री ने किया।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x