वाराणसी। नगर निगम वाराणसी द्वारा शहर के समग्र विकास को गति देने के क्रम में सिगरा क्षेत्र के वार्ड संख्या 53 में महत्वपूर्ण विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। महापौर ने कुल ₹54 लाख 39 हजार की लागत से सड़क, नाली और पेयजल आपूर्ति से जुड़ी योजनाओं की शुरुआत कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। इन कार्यों से जहां आवागमन सुगम होगा, वहीं वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की उम्मीद भी जगी है।
शिलान्यास कार्यक्रम के तहत छोटी गैवी क्षेत्र में भारतीय शिशु मंदिर रोड से तेल्वाला धर्मशाला होते हुए रथयात्रा रोड तक नई सड़क एवं नाली निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया, जिसकी अनुमानित लागत ₹8.41 लाख है। इससे क्षेत्र में जलजमाव की समस्या से राहत मिलने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी।
वहीं संपूर्णानंद कॉलोनी में पेयजल संकट के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ₹45.98 लाख की लागत से एक बड़े नलकूप के रिबोर कार्य का शिलान्यास किया गया। इस योजना के पूर्ण होने से कॉलोनी के सैकड़ों परिवारों को नियमित और स्वच्छ जल आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

शिलान्यास के पश्चात महापौर ने संपूर्णानंद कॉलोनी स्थित उस पार्क का निरीक्षण किया, जहां स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत सुंदरीकरण का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर महापौर ने स्थानीय नागरिकों से भी संवाद किया और सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा, “सरकार और नगर निगम नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं देने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं, लेकिन इन सुविधाओं को सुरक्षित और स्वच्छ बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कॉलोनीवासी पार्क के सुंदरीकरण को बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि यह क्षेत्र सदैव हरा-भरा और स्वच्छ बना रहे।”
कार्यक्रम में पार्षद सिंधु सोनकर, पुन्नू बिंद, भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित नगर निगम के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। सिगरा क्षेत्र में शुरू हुए इन विकास कार्यों से आने वाले दिनों में क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं और जीवन गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।









