वाराणसी। होली पर्व को परंपरागत उल्लास के साथ शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के गोमती जोन में सोमवार को चौकी रामेश्वर, थाना जंसा पर व्यापक पीस कमेटी गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन श्री नृपेन्द्र ने की।
गोष्ठी में गोमती जोन के समस्त थाना प्रभारियों, व्यापारी प्रतिनिधियों, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। संवाद के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, पारस्परिक सम्मान और भाईचारे का प्रतीक है। सभी से अपील की गई कि पर्व को पारंपरिक गरिमा के साथ मनाते हुए किसी भी प्रकार की अफवाह, उकसावे या अराजकता से दूर रहें तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
बैठक में निर्णय लिया गया कि होलिका दहन विवादित स्थलों, विद्युत खंभों, ट्रांसफार्मर अथवा बिजली लाइनों के समीप नहीं किया जाएगा। किसी भी थाना क्षेत्र में नई परंपरा या प्रथा की शुरुआत की अनुमति नहीं होगी। पर्व के दौरान शालीन भाषा के प्रयोग, महिलाओं के सम्मान की रक्षा तथा किसी भी वर्ग या समुदाय के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी से पूर्ण परहेज पर विशेष बल दिया गया।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि होली के दिन जनपद में शराब की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। अवैध क्रय-विक्रय या सार्वजनिक स्थानों पर मादक पदार्थों के सेवन पर कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अपर पुलिस उपायुक्त ने सभी थाना प्रभारियों को होलिका दहन स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर वालंटियर्स की तैनाती एवं सीसीटीवी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पूर्व वर्षों में विवादित रहे एवं संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी, अंतरजनपदीय सीमाओं पर सघन चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए। साथ ही डीजे संचालकों को ध्वनि विस्तारक यंत्रों से संबंधित शासनादेशों का कड़ाई से पालन कराने को कहा गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म—ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप एवं यूट्यूब—पर पुलिस की विशेष टीम 24×7 निगरानी रखे हुए है। किसी भी प्रकार की अप्रमाणित सूचना या भ्रामक पोस्ट साझा करने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपजिलाधिकारी राजातालाब, विद्युत एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, गोमती जोन के सभी थाना प्रभारी तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
पर्व की पूर्व संध्या पर प्रशासन और समाज के प्रतिनिधियों का यह संयुक्त संकल्प काशी की सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए शांति और सद्भाव की परंपरा को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।









