वाराणसी। पहाड़िया–बेला रोड स्थित दिव्यांश इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के सभागार में होली मिलन समारोह के अवसर पर भव्य काव्योत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए चर्चित कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को हास्य और व्यंग्य की फुहार से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि साधना सिंह (राज्यसभा सांसद) रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में अम्बरीष सिंह भोला (सदस्य, वाराणसी विकास प्राधिकरण) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की निदेशक सीमा सिंह ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि साधना सिंह ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति की क्षमता का विकास होता है।

काव्य गोष्ठी में प्रसिद्ध कवियों ने अपनी हास्य रचनाओं से उपस्थित जनसमूह को गुदगुदा कर माहौल को उत्सवमय बना दिया। काव्य पाठ करने वाले प्रमुख कवियों में दमदार बनारसी, नागेश शांडिल्य, डॉ. सुरेश अकेला, प्रशांत बजरंगी, ओंकार शर्मा कश्यप और सादिया एकरा सहित अन्य कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। कवि सम्मेलन का संचालन दमदार बनारसी ने किया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित पत्रकार वार्ता में विद्यालय की निदेशक सीमा सिंह एवं प्रधानाचार्य निम्मी चतुर्वेदी ने बताया कि आगामी शैक्षणिक सत्र से विद्यालय में सीबीएसई पाठ्यक्रम के अंतर्गत कक्षा 11वीं में विज्ञान, वाणिज्य तथा मानविकी संकाय की पढ़ाई प्रारंभ की जाएगी।
विद्यालय की निदेशक सीमा सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है तथा मेधावी और टॉपर छात्रों को विशेष छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत विद्यालय की सचिव सुभाष सिंह ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर किया। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक सिंह ने किया, जबकि अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाचार्य निम्मी चतुर्वेदी ने किया।
इस अवसर पर विनय सिंह, सौम्या रघुवंशी, वर्षा मिश्रा, शिवेंद्र सिंह, शक्तिधर पांडेय, इशांत, अर्चना मिश्रा, नितेश साहू, रोशनी सिंह सहित अनेक अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









