वाराणसी। स्व. ईश्वरी देवी एवं स्व. लक्ष्मण दास बालानी जी की पुण्य स्मृति में इण्डियन रेडक्रॉस सोसाइटी, वाराणसी एवं सिंधी समाज की विभिन्न संस्थाओं द्वारा आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर के अंतर्गत चश्मा वितरण कार्यक्रम का आयोजन अमरनगर कुटिया, सोनिया, वाराणसी में किया गया।
गौरतलब है कि दिनांक 04 जनवरी 2026 को आयोजित निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर में कुल 204 मरीजों की आंखों की जांच की गई थी, जिसमें चिकित्सकों द्वारा 102 मरीजों को चश्मा लगाने की सलाह दी गई थी। इसी क्रम में दिनांक 18 जनवरी 2026 को 102 मरीजों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए।
शिविर संयोजक जय प्रकाश बालानी ने बताया कि यह सेवा कार्य स्व. ईश्वरी देवी एवं स्व. लक्ष्मण दास बालानी जी की पुण्य स्मृति में किया गया, जिसका उद्देश्य जरूरतमंदों को बेहतर दृष्टि और जीवन में सुविधा प्रदान करना है।कार्यक्रम में मरीजों का स्वागत इण्डियन रेडक्रॉस सोसाइटी, वाराणसी के सचिव डॉ. संजय राय ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में शंकर सत्संग भवन के पीठाधीश्वर जयप्रकाश शर्मा उपस्थित रहे। इस अवसर पर कार्यक्रम के सफल आयोजन में जे.पी. बालानी, सुरेश तुलस्यान, रोहित बलानी, विजय शाह, चंद्रा बलानी, अजय रूपेजा, हेमंत केशवानी, एडवोकेट देवानंद, कमलेश छुगानी, पंकज भागचंदानी, यश भागचंदानी, जितेन्द्र तलरेजा, जितेन्द्र नैनानी सहित अनेक समाजसेवियों का सहयोग सराहनीय रहा।










