वाराणसी। नागरिक सुरक्षा प्रधान कार्यालय चेतगंज में भारत सरकार द्वारा आयोजित क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ शुक्रवार को मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी नगर आलोक कुमार ने किया। स्वागत उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा जितेन्द्र देव सिंह, चीफ वार्डेन विनोद गुप्ता, डिप्टी चीफ वार्डेन अविनाश अग्रवाल ने किया। उप नियंत्रक ने बताया कि वार्डेन/स्वयंसेवकों के लिए आयोजित इस क्षमता निर्माण प्रशिक्षण को तीन चरणों में संपन्न कराया जाएगा, जिसमें कुल 360 स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का दूसरा चरण 27 जनवरी से तथा तीसरा चरण 3 फरवरी से आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान नागरिक सुरक्षा उपायों की आवश्यकता, विभिन्न प्रकार की आपदाओं से संबंधित जानकारी, आपदा की स्थिति में स्वयंसेवकों की भूमिका सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर सात दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन के प्रति दक्ष बनाना तथा आपात स्थितियों में प्रभावी भूमिका निभाने के लिए तैयार करना है। संचालन एडीसी इरफानुल होदा, धन्यवाद ज्ञापन डिवीजनल वार्डेन संजय कुमार राय, संयोजन एडीसी विवेक कुमार,इरफानुल होदा ने किया। इस अवसर पर चीफ वार्डेन विनोद गुप्ता, डिप्टी चीफ वार्डेन अविनाश अग्रवाल, डिविजनल वार्डेन संजय कुमार राय, वीवी सुन्दर शास्त्री,निधिदेव, मंगला प्रसाद, ओमप्रकाश श्रीवास्तव, डिप्टी डिवीजनल वार्डेन अरविन्द विश्वकर्मा, सम्पूर्णानंद मिश्रा,अभिषेक जायसवाल, अंजनी कुमार सिंह आदि थे।









