नई दिल्ली। सोना और चांदी के दामों में गिरावट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को बाजार खुलते ही दोनों कीमती धातुओं में जबरदस्त बिकवाली देखने को मिली। एमसीएक्स पर दोपहर तक चांदी में करीब 15 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद यह लगभग 2,25,000 रुपये प्रति किलो के स्तर पर कारोबार करती दिखाई दी। वहीं सोना भी करीब 5 प्रतिशत टूटकर 1,40,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास ट्रेड करता नजर आया।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार मुनाफावसूली के दबाव और वैश्विक संकेतों के चलते कीमती धातुओं में लगातार गिरावट बनी हुई है। खासतौर पर ऊंचे दामों पर निवेश करने वाले निवेशकों में इस तेज गिरावट से निराशा का माहौल देखा जा रहा है।
ऑल टाइम हाई स्तर से अब तक चांदी के भाव में लगभग दो लाख रुपये प्रति किलो और सोने के दाम में करीब पचास हजार रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज की जा चुकी है। इस तेज उतार-चढ़ाव ने बाजार में निवेश को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा कर दी है।










