जमानियां। उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ द्वारा आयोजित सीनियर नेशनल तीरंदाजी चयन ट्रायल में गाजीपुर के तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय टीम में अपना स्थान पक्का किया। सोरम, मुजफ्फरनगर में 2 दिसंबर को हुए इस महत्वपूर्ण ट्रायल में प्रदेश भर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें गाजीपुर के खिलाड़ियों ने कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच बेहतरीन स्कोर कर अपनी क्षमता साबित की।गाजीपुर स्थित द्रोणा तीरंदाजी अकादमी, जमानियां से प्रशिक्षण प्राप्त छह खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई। चयनित खिलाड़ियों में—रिकर्व पुरुष वर्ग: रोहित कुमार, शैलेंद्र
रिकर्व महिला वर्ग: भावना, खुशी श्रीवास्तव
कंपाउंड पुरुष वर्ग: राघवेंद्र, प्रशांत गुप्ता

इन छह प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपने-अपने वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। साथ ही गाजीपुर के कोच सतीश दुबे को भी उत्तर प्रदेश टीम का कोच नियुक्त किया गया है, जो 12 से 19 दिसंबर तक हैदराबाद (तेलंगाना) में होने वाली सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में खिलाड़ियों के साथ उपस्थित रहेंगे। कोच सतीश दुबे ने चयन पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा, “खिलाड़ियों ने ट्रायल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। यह उनकी मेहनत, अनुशासन और लगातार अभ्यास का परिणाम है। हमें यकीन है कि वे राष्ट्रीय स्तर पर भी पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।” गाजीपुर जिला तीरंदाजी संघ के सचिव नंदू दुबे ने कहा, “यह जिले के लिए गर्व का पल है। हमारे तीरंदाज निरंतर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं। यह सफलता अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरित करेगी।” जिला तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष डॉ. मुकेश सिंह एवं खेल प्रेमियों ने सभी चयनित खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और राष्ट्रीय चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन की कामना की।









