वाराणसी। माघ मेला के दौरान घाटों पर उमड़ी भारी भीड़ के बीच राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) के जवानों ने रविवार सुबह एक साहसिक और त्वरित बचाव अभियान चलाते हुए गंगा नदी में डूब रही एक युवती की जान बचा ली। घटना राजेंद्र प्रसाद घाट की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिगरा निवासी 25 वर्षीय युवती गंगा स्नान कर रही थीं। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नदी के गहरे हिस्से में बहने लगीं। युवती को डूबता देख घाट पर पिकेट ड्यूटी पर तैनात एनडीआरएफ के बचावकर्मी सतर्क हो गए। बिना समय गंवाए एक जवान ने गहरे पानी में छलांग लगाई और युवती तक पहुंचकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बचाई गई युवती को तत्काल घाट पर लाया गया, जहां प्राथमिक जांच के बाद उनकी स्थिति सामान्य पाई गई। इस साहसिक बचाव कार्य को घाटों पर मौजूद सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रत्यक्ष देखा और एनडीआरएफ जवानों की तत्परता व बहादुरी की जमकर सराहना की।

एनडीआरएफ वाराणसी इकाई के उप-महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के निर्देशन में प्रयागराज में चल रहे माघ मेला-2026 को देखते हुए वाराणसी के प्रमुख घाटों पर पहले से ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यह घटना बल की सतर्कता, अनुशासन और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण की प्रभावशीलता को दर्शाती है। गौरतलब है कि माघ मास में गंगा स्नान के धार्मिक महत्व के कारण प्रयागराज के त्रिवेणी संगम में स्नान के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन के लिए वाराणसी पहुंच रहे हैं। इससे घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है, ऐसे में एनडीआरएफ की तैनाती श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित हो रही है।









