मुंबई। भोजपुरी व बॉलीवुड अभिनेता पवन सिंह और उनकी टीम को जान से मारने की गंभीर धमकी मिली है। धमकी देने वालों ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया है। मामले में मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। पवन सिंह के मैनेजर के अनुसार, उन्हें धमकी भरे फोन कॉल और व्हाट्सएप मैसेज भेजे गए, जिनमें साफ लिखा था कि यदि उन्होंने पवन सिंह का साथ नहीं छोड़ा तो उनका हाल भी सिद्धू मूसेवाला जैसा कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि वर्ष 2022 में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया था। मैनेजर ने बताया कि पहली धमकी 6 दिसंबर की रात करीब 10 बजे टीम सदस्य प्रियांशु के व्हाट्सएप नंबर पर आई। इसके बाद लगातार डराने-धमकाने वाले मैसेज भेजे जाते रहे। प्रियांशु ने तुरंत सभी स्क्रीनशॉट और विवरण मैनेजर को भेज दिए। धमकी देने वालों ने विशेष रूप से कहा कि पवन सिंह सलमान खान के साथ किसी भी कार्यक्रम में मंच साझा न करें, वरना गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।उल्लेखनीय है कि सलमान खान को भी पिछले महीनों में बिश्नोई गैंग से खतरा बताया गया है।घटना के बाद पवन सिंह की टीम ने स्थानीय पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की संज्ञान लेते हुए संबंधित फोन नंबरों और संभावित आईपी एड्रेस को ट्रेस करना शुरू कर दिया है। फिलहाल किसी गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। भोजपुरी इंडस्ट्री के सुपरस्टार पवन सिंह हाल के वर्षों में बॉलीवुड व ओटीटी प्रोजेक्ट्स में भी सक्रिय हुए हैं। बड़े स्टेज शो, राष्ट्रीय कार्यक्रम और ब्रांड इवेंट्स में उनकी उपस्थिति बढ़ी है, जिससे उनकी लोकप्रियता और भी बढ़ी है।









