वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र के कर्णघंटा स्थित दयाशंकर कटरा में हुई करोड़ों की ज्वेलरी चोरी का मात्र 48 घंटे के भीतर शत-प्रतिशत खुलासा कर पुलिस ने सर्राफा कारोबारियों को बड़ी राहत दी है। मुंबई निवासी दिवाकर राणा के फ्लैट से चुराए गए 2 किलो 20 ग्राम सोने के जेवरात की पूरी बरामदगी के बाद शनिवार को वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन द्वारा पुलिस टीम का भव्य सम्मान किया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल एवं महामंत्री रवि सर्राफ के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और जवानों को अंगवस्त्र, माल्यार्पण व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा मिठाई खिलाकर आभार जताया गया। व्यापारियों ने कहा कि योगी सरकार में शासन-प्रशासन की तत्परता के कारण अब व्यापारी स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इतनी कम समय-सीमा में चोरी का खुलासा पुलिस की कार्यकुशलता का प्रमाण है। इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध अतुल अंजन त्रिपाठी, एसओजी प्रभारी गौरव सिंह, थाना प्रभारी चौक दिलीप कुमार मिश्रा सहित एसओजी, चौक थाना व सर्विलांस टीम के सभी अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सर्राफा व्यापारी मौजूद रहे और पुलिस टीम की सराहना की।









