वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी, जोन काशी के अंतर्गत आगामी सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार, 22 जनवरी 2026 को भेलूपुर स्थित होटल डायमंड में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के अंतर्गत सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) भेलूपुर श्री गौरव कुमार ने की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था, शांति और आपसी भाईचारे को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में प्रभारी निरीक्षक (SHO) भेलूपुर श्री सुधीर त्रिपाठी, उप निरीक्षक एवं चौकी प्रभारी बजरडीहा श्री पवन पाण्डेय, खोजवां चौकी प्रभारी श्री पियूष प्रताप सिंह, उप निरीक्षक श्री शिवम श्रीवास्तव, उप निरीक्षक श्री विकास मिश्रा, मुख्य आरक्षी भूपकिशोर सिंह सहित आरक्षी अजय कुमार, अनुराग यादव, चंद्रकांत यादव एवं रामनगीना मौर्या उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त सामाजिक कार्यकर्ताओं में श्रीमती साधना यादव, श्री राजकुमार राजभर, श्री रामबली भारद्वाज, श्री रविप्रकाश दुबे समेत अन्य गणमान्य लोग भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सरस्वती पूजा के आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं, जुलूसों, पंडालों, यातायात प्रबंधन, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग तथा आपसी समन्वय पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही सभी आयोजकों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।









