वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के ऑनलाइन संस्कृत प्रशिक्षण केन्द्र द्वारा संचालित एक वर्षीय ऑनलाइन डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को अंतिम अवसर प्रदान किया गया है। अभ्यर्थियों की मांग को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश पोर्टल को पुनः खोलने का निर्णय लिया है।
विश्वविद्यालय द्वारा संचालित इन पाठ्यक्रमों के अंतर्गत कर्मकांड, ज्योतिष (कुंडली विज्ञान) एवं वास्तु शास्त्र जैसे विषयों में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय पारंपरिक ज्ञान परंपरा में व्यावहारिक एवं रोजगारोन्मुखी दक्षता प्रदान करना है।
प्रवेश के लिए ऑनलाइन पोर्टल 9 फरवरी 2026 से 15 फरवरी 2026 तक खुला रहेगा। इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.ssvvostc.ac.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

केन्द्र के निदेशक प्रो. रमेश प्रसाद ने बताया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर अभ्यर्थी इस अवसर का लाभ उठाएं। उन्होंने जानकारी दी कि ऑनलाइन प्रशिक्षण कक्षाएं 20 फरवरी 2026 से प्रारंभ होंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे इन उपयोगी एवं रोजगारपरक पाठ्यक्रमों से जुड़कर अपने भविष्य को सुदृढ़ बनाएं।









