Follow us on

Home » Uncategorized » सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र प्रो. रमाकांत पांडेय बने उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति

सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र प्रो. रमाकांत पांडेय बने उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति

Share this post:

वाराणसी। सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के लिए यह क्षण गौरव और प्रसन्नता का है। विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र एवं वर्तमान में केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, जयपुर परिसर के निदेशक प्रो. रमाकांत पांडेय को उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, हरिद्वार का कुलपति नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति उत्तराखंड के राज्यपाल एवं कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह द्वारा तीन वर्षों के कार्यकाल के लिए की गई है। यह नियुक्ति उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय अधिनियम, 2005 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए की गई है।

शिक्षा और संस्कृत साधना की सशक्त विरासत

प्रो. रमाकांत पांडेय एक प्रतिष्ठित संस्कृत विद्वान, शोधकर्ता और अनुभवी शिक्षाविद् के रूप में जाने जाते हैं। उनका जन्म 2 फरवरी 1965 को हुआ। उन्होंने सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से शास्त्री, आचार्य, एम.ए. (संस्कृत), पी-एच.डी. तथा डी.लिट्. जैसी उच्चतम शैक्षणिक उपाधियाँ प्राप्त कीं। यह विश्वविद्यालय उनके शैक्षणिक जीवन की आधारभूमि रहा, जहाँ से संस्कृत के गहन अध्ययन और शोध की दिशा में उनकी यात्रा प्रारंभ हुई।

31 वर्षों का अध्यापन और शोध अनुभव

प्रो. पांडेय को संस्कृत शिक्षण और अनुसंधान के क्षेत्र में 31 वर्षों से अधिक का अनुभव है, जिसमें 14 वर्षों से अधिक अवधि उन्होंने प्रोफेसर के रूप में सेवाएं दी हैं। वे केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली में संस्कृत प्रोफेसर रहे तथा जयपुर परिसर के निदेशक पद को भी सुशोभित कर चुके हैं। उनके शोध का केंद्र संस्कृत साहित्य, व्याकरण और भारतीय संस्कृति के विविध आयाम रहे हैं।

शोध, लेखन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान

उनकी विद्वत्ता का प्रमाण उनका व्यापक साहित्यिक योगदान है। अब तक उनकी 65 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, 150 से अधिक शोधपत्र और 22 साहित्यिक लेख उनके नाम दर्ज हैं। वे देश-विदेश की अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों में विषय विशेषज्ञ के रूप में सहभागिता कर चुके हैं तथा 57 से अधिक शैक्षणिक कार्यशालाओं का आयोजन कर संस्कृत अध्ययन को नई दिशा दी है। उनके योगदान के लिए उन्हें 14 राज्यस्तरीय एवं राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

संस्कृत को जन-भाषा बनाने का संकल्प

कुलपति नियुक्त होने के बाद प्रो. पांडेय ने कहा कि संस्कृत केवल भाषा नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है। यह हमारी सांस्कृतिक चेतना और भारतीय ज्ञान-परंपरा की मूल आधारशिला है। उनका संकल्प है कि संस्कृत जन-भाषा बने, जिससे समाज में अनुशासन, सद्भाव और मानवता के मूल्य और सुदृढ़ हों, तथा भारतीय ज्ञान परंपरा का संरक्षण-संवर्धन निरंतर चलता रहे।

विश्वविद्यालय में हर्ष और गौरव का वातावरण

प्रो. रमाकांत पांडेय की नियुक्ति पर सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में हर्ष और गौरव का माहौल है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा सहित प्रो. रामपूजन पांडेय, प्रो. जितेन्द्र कुमार, प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल, प्रो. सुधाकर मिश्र, प्रो. शैलेश कुमार मिश्र, प्रो. राजनाथ, प्रो. दिनेश कुमार गर्ग और प्रो. अमित कुमार शुक्ल ने इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय के लिए सम्मानजनक बताते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

संस्कृत शिक्षा को नई दिशा की उम्मीद

प्रो. रमाकांत पांडेय की नियुक्ति से उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय को अनुभवी, दूरदर्शी नेतृत्व मिलने की उम्मीद है। संस्कृत शिक्षा, शोध और भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रचार-प्रसार को लेकर उनके विचारों से विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण को नई दिशा मिलने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x