वाराणसी। वरिष्ठ समाजसेवी, ‘सक्षम’ काशी प्रांत की महिला प्रमुख एवं स्वावलंबन पैरेंट्स एसोसिएशन की चेयरमैन राधा रानी सिंह को दिव्यांगजनों के प्रति उनके निरंतर समर्पण, सेवाभाव और उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य सलाहकार बोर्ड का सदस्य नियुक्त किया है। यह दायित्व आगामी तीन वर्षों तक प्रभावी रहेगा। सरकार के इस निर्णय को सामाजिक सरोकारों में राधा रानी सिंह के योगदान की बड़ी स्वीकृति माना जा रहा है। वर्षों से दिव्यांगजन कल्याण, जागरूकता, पुनर्वास, शिक्षा तथा स्वावलंबन के लिए सक्रिय रहते हुए उन्होंने कई जरूरतमंद परिवारों तक सहायता और सहयोग पहुँचाया है। नियुक्ति के उपरांत समाजसेवी राधा रानी सिंह ने उत्तर प्रदेश शासन एवं सक्षम संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों—राष्ट्रीय संगठन मंत्री माननीय चन्द्रशेखर जी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष माननीय कमलाकांत पांडेय जी, प्रांत संगठन मंत्री माननीय घनश्याम पांडेय जी तथा प्रांत अध्यक्ष श्री योगेन्द्र बाजपेई जी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “दिव्यांगजनों के चहुंमुखी विकास के लिए मैं निरंतर कार्य करती रही हूं और भविष्य में भी पूरी निष्ठा से करती रहूंगी। ‘दिव्यांग सेवा ही दिव्य सेवा’ मेरे कार्यों का आधार है।” राधा सिंह की नियुक्ति से समाजसेवी क्षेत्र सहित दिव्यांगजन परिवारों में प्रसन्नता का माहौल है। यह उम्मीद जताई जा रही है कि उनके अनुभव और संवेदनशील दृष्टिकोण से राज्य में दिव्यांगजन कल्याण हेतु महत्वपूर्ण नीतिगत पहलें और प्रभावी रूप ले सकेंगी।









