वाराणसी। औशानगंज निवासी प्रतिष्ठित स्वर्ण व्यवसायी एवं समाजसेवी कैलाश अग्रहरि द्वारा रविवार को शक्तिपीठ मां बागेश्वरी देवी का भव्य श्रृंगार, जागरण एवं विशाल भंडारे का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण माता रानी के जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी द्वारा मां के विग्रह का विविध प्रकार के सुगंधित पुष्पों से मनोहारी श्रृंगार किया गया। विधिवत भोग अर्पण के उपरांत मां की भव्य आरती संपन्न हुई। मंदिर प्रांगण को फूलों की मालाओं एवं आकर्षक विद्युत झालरों से सजाया गया, वहीं भव्य पंडाल में आयोजित जय मां विंध्यवासिनी जागरण ग्रुप, बलिया (इंदु लता बागी) के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भजनों पर श्रोतागण भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए।समाजसेवी कैलाश अग्रहरि ने बताया कि माता की कृपा एवं प्रेरणा से विगत पांच वर्षों से निरंतर प्रत्येक वर्ष मां का भव्य श्रृंगार, जागरण एवं भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन जनकल्याण, सामाजिक समरसता और भक्तिभाव को समर्पित है। मां के श्रृंगार व आरती के पश्चात देर रात्रि तक जागरण एवं भंडारा चलता रहा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, तिलक राज मिश्रा, अभय यादव, वरिष्ठ पत्रकार राजेश सेठ, आनंद सिंह अन्ना, संदीप जायसवाल सहित आशुतोष अग्रहरि, अनुराधा अग्रहरि, पूजा अग्रहरि, पायल अग्रहरि, भावना अग्रहरि, प्रिया अग्रहरि, श्वेता अग्रहरि, दिव्यम अग्रहरि समेत बड़ी संख्या में भक्तगण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









