वाराणसी। अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण की द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर विश्व हिंदू महासंघ उत्तर प्रदेश, वाराणसी के तत्वावधान में रविवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। पूरे नगर में श्रीराम भजनों, जयघोष और धार्मिक उल्लास से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नागेश्वर प्रसाद मिश्रा (प्रदेश अध्यक्ष, गौ रक्षा प्रकोष्ठ) तथा विशिष्ट अतिथि रामविलास शर्मा (कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष) रहे। गौ रक्षा प्रकोष्ठ के मंडल अध्यक्ष मिथुन चंद्र डे (दादा) ने बताया कि शोभायात्रा संकुलधारा पोखरा से प्रारंभ होकर चेतमणि चौराहा होते हुए भेलूपुर स्थित पानी टंकी के पास आकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा में अग्रिम पंक्ति में शंखनाद करती मातृशक्ति, उनके पीछे डमरू दल, हनुमान स्वरूप धारण किए कलाकार तथा डीजे पर गूंजते श्रीराम भजन और धार्मिक नारों ने जनमानस को भाव-विभोर कर दिया। मार्ग के दोनों ओर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।

समापन स्थल पर काशी की वरिष्ठ विभूतियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात आयोजित विशाल भंडारे में लगभग 5,000 श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से वीरेंद्र कुमार मालु (मंडल प्रभारी), रतन लाल सोनी (जिला अध्यक्ष, गौ रक्षा प्रकोष्ठ), शकुंतला प्रजापति (मंडल अध्यक्ष, मातृशक्ति प्रकोष्ठ), सीमा यादव (जिला अध्यक्ष, मातृशक्ति प्रकोष्ठ), प्रकाश आर्या, रामगोपाल वर्मा (पार्षद), समाजसेवी सुषमा सेठ, निखिल राय, मनोज सिंह सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









