वाराणसी। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चितईपुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के आरोपित को गिरफ्तार किया है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर व प्रभारी निरीक्षक चितईपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार को वांछित अभियुक्त समीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जन शिकायत प्रकोष्ठ में दर्ज प्रकरण संख्या 98/26 VNS के संबंध में थाना चितईपुर में एक प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ था। इसमें पीड़िता ने आरोप लगाया कि जालाली पट्टी निवासी समीर सिंह ने उससे शादी का वादा कर पिछले लगभग दो वर्षों से शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से मुकर गया।

प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना चितईपुर में मुकदमा अपराध संख्या 0059/2026 धारा 69, 115(2), 351(3), 352 व 89 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी समीर सिंह (26) पुत्र हरिनारायण सिंह निवासी जालाली पट्टी, थाना मंडुआडीह, जनपद वाराणसी को सोमवार को हैदराबाद गेट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार गौतम, उपनिरीक्षक रवि चौहान तथा कांस्टेबल कमल किशोर शामिल रहे।









