वाराणसी। अभ्युदय संस्थान एवं आर्टिस्ट्री ऑफ़ वूमेन के संयुक्त तत्वावधान में काशी के ख्यातिलब्ध कलाकार स्वर्गीय वेद प्रकाश मिश्र जी की स्मृति में आयोजित परिचर्चा सह चित्रकला कार्यशाला एवं प्रतियोगिता में बने चित्रों की प्रदर्शनी का उद्घाटन अस्सी स्थित क्यूरिटिका फाउंडेशन एवं आर्ट गैलरी में किया गया।
यह प्रदर्शनी 28 दिसंबर 2025 को नागरी नाटक मंडली, वाराणसी में आयोजित “वेद जी एवं अतुल्य काशी” विषयक परिचर्चा सह चित्रकला कार्यशाला एवं प्रतियोगिता में प्रतिभागी कलाकारों द्वारा सृजित कृतियों पर आधारित है। प्रदर्शनी दर्शकों के अवलोकनार्थ 10 एवं 11 जनवरी 2026 तक खुली रहेगी।
प्रदर्शनी का उद्घाटन उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी के अध्यक्ष डॉ० सुनील कुमार विश्वकर्मा, दृश्य कला संकाय के प्रो० मनीष अरोड़ा, डॉ० सुनील कुमार सिंह कुशवाहा, डॉ० शारदा सिंह एवं वनिता मिढ़ा द्वारा दीप प्रज्वलन तथा स्वर्गीय वेद प्रकाश मिश्र जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।

डॉ० शारदा सिंह (सचिव, अभ्युदय संस्थान/ संस्थापिका एवं अध्यक्ष, आर्टिस्ट्री ऑफ़ वूमेन तथा सीईओ, काशी जूट इंडस्ट्रीज प्रा. लि.) एवं वनिता मिढ़ा ने मंचस्थ अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में देशभर से 162 कलाकारों ने सहभागिता की, जिनके द्वारा निर्मित चित्रों को इस प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया गया है। काशी की संस्कृति, जीवन दर्शन, घाट, गलियां और आध्यात्मिक चेतना इन कृतियों में जीवंत रूप में उभरकर सामने आई है।
इस अवसर पर श्री अजय उपासनी, डॉ० सुजीत कुमार चौबे, क्यूरिटिका आर्ट गैलरी के सचिव डॉ० शशिकांत नाग, राणाजी मूवमेंट सभागार के ट्रस्टी राणा शेरू सिंह, ब्रजराज त्रिपाठी, सुनीता सिंह, सीमा पाठक, शिवानी कुमारी, कुमारी कुसुम, सुप्रिया विश्वकर्मा, अर्चना विश्वकर्मा, पल्लवी यादव, प्रीति वर्मा, कुणाल विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में कला प्रेमी उपस्थित रहे।









