वाराणसी। विश्व युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद जयंती के पावन अवसर पर महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के महाराजा (डॉ.) विभूति नारायण सिंह परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) के तत्वावधान में विभिन्न रचनात्मक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आज दिनांक 12 जनवरी 2026 को आयोजित हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर मेकिंग, रंगोली एवं पोर्ट्रेट मेकिंग जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में स्वामी विवेकानंद के विचारों, राष्ट्र निर्माण, आत्मविश्वास तथा सेवा भावना के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ परिसर प्रभारी डॉ. मनीष सिंह के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने अपने संबोधन में स्वामी विवेकानंद को युवाओं के लिए युगप्रेरक बताते हुए कहा कि यदि आज का युवा उनके आदर्शों और विचारों को अपने जीवन में आत्मसात कर ले, तो समाज और राष्ट्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सकता है। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन डॉ. रमेश मिश्रा द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। एन.एस.एस. के स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाओं ने स्वामी विवेकानंद, युवा शक्ति, राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक चेतना जैसे विषयों पर आधारित अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा। कार्यक्रम के समापन अवसर पर डॉ. महेश कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, आयोजकों तथा एन.एस.एस. स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी को बधाई दी। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी सुमित घोष, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. अर्चना पांडेय सहित बड़ी संख्या में एन.एस.एस. स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहीं। यह आयोजन युवाओं में रचनात्मकता, सामाजिक दायित्वबोध एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध हुआ। कार्यक्रम संबंधी इस आशय की जानकारी समन्वयक, जनसंपर्क, डॉ. पी. एल. विजय ने दी है।









