लखनऊ। विधानसभा सत्र के पहले दिन इंडिया गठबंधन के दलों ने जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत गठबंधन के सभी दलों ने विधानसभा परिसर में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के समक्ष एकजुट होकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
नेता विधानमंडल दल कांग्रेस आराधना मिश्रा मोना ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को बोरी का वजन घटाकर धोखा दिया जा रहा है और उनकी आवाज सुनी नहीं जा रही।
उन्होंने यह भी कहा कि SIR में धांधली कर लोगों के वोट के अधिकार को छीना जा रहा है। साथ ही प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को बेहद खराब बताते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार को जनता के स्वास्थ्य की चिंता नहीं है और पूरा सरकारी तंत्र केवल झूठे प्रचार और धार्मिक ध्रुवीकरण में व्यस्त है।

इंडिया गठबंधन ने स्पष्ट किया कि वह बेरोजगारी, महंगाई, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और SIR में कथित अनियमितताओं जैसे मुद्दों को विधानसभा में मजबूती से उठाएगा।









