वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के अंतर्गत अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना कपसेठी पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने न्यायालय द्वारा जारी वारंट के आधार पर एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस उपायुक्त गोमती ज़ोन के निर्देशन में रविवार को थाना कपसेठी पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मा० न्यायालय अपर सिविल जज (जू०डि०)-05, वाराणसी द्वारा जारी गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) एवं धारा 82 सीआरपीसी के अनुपालन में वांछित अभियुक्त सूबेदार विश्वकर्मा पुत्र रामबदन निवासी ग्राम कपसेठी, थाना कपसेठी, जनपद वाराणसी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध मु0नं0 1047/18, धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन था और लंबे समय से वह न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहा था, जिसके चलते न्यायालय द्वारा उसके विरुद्ध वारंट जारी किया गया था।

थाना कपसेठी पुलिस ने अभियुक्त को उसके निवास स्थान से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त की उम्र लगभग 55 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय से वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है, जिससे कानून व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके।









