वाराणसी। चितईपुर थाना पुलिस ने पशु चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई चार भैंस, एक भैंसा तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत की गई।
मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर थाना चितईपुर पुलिस टीम ने आज सुबह करीब पांच बजे ग्राम करसड़ा, श्रीराम किशुन कॉलेज के पास छापेमारी कर दोनों अभियुक्तों को चोरी के पशुओं व वाहन सहित गिरफ्तार किया। चोरी किए गए पशुओं को अभियुक्तों द्वारा एक चारदीवारी के अंदर छिपाकर रखा गया था।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विकास यादव (27 वर्ष) एवं शुभम कुमार यादव (22 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों अभियुक्त करौंदी, थाना चितईपुर, वाराणसी के निवासी हैं। पुलिस द्वारा मौके से चार भैंस (जीवित), एक भैंसा (जीवित) तथा मोटरसाइकिल संख्या यूपी 65 ईडी 9161 बरामद की गई।

इस संबंध में थाना चितईपुर पर दर्ज मुकदमा संख्या 17/2026 में बीएनएस की धारा 303(2) एवं 317(2) के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 30 जनवरी की रात पहले मोटरसाइकिल से रेकी की और उसके बाद पशुओं की चोरी की थी, जिनका उद्देश्य उन्हें बेचने का था। बरामद पशुओं की पहचान मुकदमे के वादी के पिता बचानू यादव द्वारा की गई, जिन्होंने पशुओं को अपना बताया।
यह सफल कार्रवाई पुलिस उपायुक्त काशी ज़ोन के निर्देशन तथा एपीयू/एसीपी के पर्यवेक्षण में की गई। अभियान में थाना चितईपुर के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार गौतम, चौकी इंचार्ज विवेक कुमार शुक्ला सहित सात पुलिसकर्मी शामिल रहे। अभियुक्तों के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।









