Follow us on

Home » क्राइम » वाराणसी में ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ का प्रहार: अवैध शराब, नकली क्यूआर कोड और जाली ढक्कनों के साथ एक गिरफ्तार

वाराणसी में ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ का प्रहार: अवैध शराब, नकली क्यूआर कोड और जाली ढक्कनों के साथ एक गिरफ्तार

Share this post:

वाराणसी, 03 मार्च 2026। जनपद में अवैध शराब के कारोबार और नकली उत्पादों के नेटवर्क पर निर्णायक प्रहार करते हुए थाना चोलापुर पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कमिश्नरेट पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत ग्राम गोसाईपुर मोहांव में दबिश देकर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया तथा भारी मात्रा में अवैध विदेशी मदिरा, नकली क्यूआर कोड, जाली ढक्कन और होम्योपैथी दवाएं बरामद की गईं।

पुलिस आयुक्त के निर्देशन, पुलिस उपायुक्त वरुणा ज़ोन के मार्गदर्शन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा ज़ोन के पर्यवेक्षण एवं सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के नेतृत्व में यह संयुक्त कार्रवाई की गई। मुखबिर की सटीक सूचना पर थाना चोलापुर की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी और मौके से अरुण कुमार पाल (45 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय रामकिशुन पाल, निवासी ग्राम दशवतपुर, थाना चोलापुर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी दिनांक 03 मार्च 2026 को अपराह्न लगभग 02:30 बजे की गई।

पुलिस टीम ने मौके से कुल 46 बोतल विभिन्न ब्रांडों की अवैध विदेशी मदिरा (36 अदद 180 एमएल पव्वे एवं 10 अदद 375 एमएल अद्धा) बरामद की। इसके अतिरिक्त व्हीजल होम्योपैथी डाइल्यूशन “ग्रेफाइट्स” की 51 बोतलें (16 भरी एवं 35 खाली), 460 अदद नकली ढक्कन (जिंदा कैप्सूल), 365 अदद जाली क्यूआर कोड, विभिन्न ब्रांडों की 182 खाली बोतलें तथा 03 कुप्पियां भी बरामद की गईं।

प्राथमिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि नकली क्यूआर कोड एवं जाली ढक्कनों की सहायता से ब्रांडेड विदेशी शराब की बोतलों में अवैध रूप से शराब भरकर बाजार में खपाने की तैयारी की जा रही थी। यह न केवल सरकारी राजस्व की क्षति का कारण बनता, बल्कि आमजन के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा साबित हो सकता था।

गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना चोलापुर में मु0अ0सं0 90/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम, 63/64 कॉपीराइट अधिनियम (संशोधित 1957) तथा भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 178, 179 एवं 180 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी संबंधित प्रकरण से जुड़ा पाया गया है।

इस कार्रवाई में थाना चोलापुर के थानाध्यक्ष दीपक कुमार, उपनिरीक्षक पुरुषोत्तम लालजी, उपनिरीक्षक महेश कुमार जायसवाल, हेड कांस्टेबल अवधराज यादव, हेड कांस्टेबल मो. शकील अहमद, कांस्टेबल अमित सिंह, कांस्टेबल मनोज कुमार एवं कांस्टेबल प्रेम प्रकाश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं आबकारी विभाग से निरीक्षक लक्ष्मीशंकर वाजपेयी, प्रधान आबकारी सिपाही सिराजुद्दीन खान, आबकारी सिपाही विनीत कुमार एवं प्रमोद कुमार ने संयुक्त अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।

कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब, नकली उत्पादों एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। कानून के विरुद्ध कार्य करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जनपद में कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा को अक्षुण्ण रखा जा सके।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x