वाराणसी। आगामी वसंत पंचमी और महाशिवरात्रि के पावन पर्वों को सुव्यवस्थित एवं भव्य ढंग से संपन्न कराने के लिए वाराणसी नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस क्रम में महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में बुधवार को स्मार्ट सिटी सभागार, सिगरा में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में महापौर ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि सफाई, सजावट, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महापौर ने वसंत पंचमी के अवसर पर आयोजित होने वाले सरस्वती पूजा कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए कहा कि सभी पूजा पंडालों के आसपास समुचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सीवर और नालियों की समय से सफाई, चूना छिड़काव एवं स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित स्थलों पर अस्थायी कुंड बनाए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

महाशिवरात्रि के मद्देनजर महापौर ने शहर के सभी प्रमुख शिवालयों तक जाने वाले मार्गों को गड्ढा मुक्त और सुगम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंदिरों के आसपास साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नगर निगम प्रशासन ने बताया कि दोनों पर्वों के दौरान शहर में स्वच्छता, यातायात नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि त्योहारों से पूर्व ही तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं, जिससे पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें।









