वाराणसी। थाना लंका पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार अभियुक्त बिहार के कैमूर जनपद के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के अंतर्गत थाना लंका पुलिस को यह सफलता मिली। मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार रात करीब 10:55 बजे सामने घाट स्थित जजेज गेस्ट हाउस के पास से दोनों आरोपियों को दबोचा गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में सौरभ सिंह उर्फ टाइगर (24 वर्ष), पुत्र राजेश कुमार सिंह, ग्राम जगरिया, थाना चैनपुर, जिला कैमूर (बिहार) तथा राहुल पासवान (22 वर्ष), पुत्र लालमुनि पासवान, ग्राम जगरिया, थाना चैनपुर, जिला कैमूर (बिहार) शामिल हैं।

पूछताछ के दौरान अभियुक्त राहुल पासवान ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ बीएचयू क्षेत्र और आसपास के इलाकों से मोटरसाइकिलें चोरी करता था। चोरी की गाड़ियों को गायत्री नगर–मलहिया रोड किनारे बबुरानी इलाके में छुपाकर रखा जाता था, जहां से बाद में उन्हें बिहार ले जाकर बेच दिया जाता था। अभियुक्तों ने यह भी बताया कि उस स्थान पर अन्य चोरी की गाड़ियां छिपाई गई थीं। गिरफ्तारी के समय दोनों एक और वाहन चोरी की फिराक में थे।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से कुल सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें यामाहा आर-15, हीरो सुपर स्प्लेंडर, टीवीएस अपाचे, हीरो जिक्सर, स्प्लेंडर प्लस, हीरो ग्लैमर और टीवीएस अपाचे आरटीआर 160 शामिल हैं। कुछ वाहनों पर अन्य जनपदों और राज्यों के पंजीकरण नंबर दर्ज पाए गए।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों अभियुक्तों के खिलाफ वाराणसी सहित अन्य जनपदों में वाहन चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। सौरभ सिंह पर वाराणसी और चंदौली में मामले दर्ज बताए गए हैं, जबकि राहुल पासवान पर बिहार के भभुआ में हत्या के प्रयास और पुलिस हिरासत से फरार होने जैसे गंभीर आरोप दर्ज हैं।
थाना लंका पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही छिपाई गई अन्य चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी के लिए छानबीन तेज कर दी गई है। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह के तार अंतर्राज्यीय वाहन चोरी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं, जिसकी जांच जारी है। इस सफल अभियान में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार (थाना लंका) के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार सिंह, उपनिरीक्षक दयाशंकर गुप्ता सहित थाना लंका व सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम शामिल रही।









