वाराणसी, 20 फरवरी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के खेलकूद स्टेडियम में आयोजित 18वीं अंतर रेलवे हैंडबॉल प्रतियोगिता (2025-26) के तीसरे दिन रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया। देश के विभिन्न रेलवे जोनों एवं उत्पादन इकाइयों से आई टीमों ने सेमीफाइनल मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल की राह तय की। खिलाड़ियों के तेज आक्रमण, सुदृढ़ रक्षा पंक्ति और बेहतरीन तालमेल ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।
प्रतियोगिता का आयोजन बरेका खेल संघ के तत्वावधान में किया जा रहा है। तीसरे दिन के मुकाबले निर्णायक साबित हुए, जहां चार सेमीफाइनल मैच खेले गए और फाइनल की तस्वीर लगभग साफ हो गई।
प्रातःकालीन सत्र में खेले गए पुरुष वर्ग के पहले सेमीफाइनल में उत्तर रेलवे ने पूर्वोत्तर रेलवे को 21-18 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। मुकाबला शुरुआत से ही कांटे का रहा। दोनों टीमों के बीच बराबरी का संघर्ष देखने को मिला, लेकिन अंतिम क्षणों में उत्तर रेलवे के खिलाड़ियों ने संयमित खेल का परिचय देते हुए निर्णायक बढ़त बना ली।

इसी सत्र में महिला वर्ग के पहले सेमीफाइनल में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने पूर्वोत्तर रेलवे को 28-26 से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। यह मैच तेज गति और आक्रामक खेल के लिए विशेष रूप से यादगार रहा। आखिरी मिनटों में किए गए गोल ने मुकाबले का रुख बदल दिया।
सायंकालीन सत्र में पुरुष वर्ग का दूसरा सेमीफाइनल दर्शकों के लिए रोमांच से भरपूर रहा। पश्चिम रेलवे ने उत्तर पश्चिम रेलवे को 23-22 के बेहद करीबी मुकाबले में शिकस्त दी। पूरे मैच में दोनों टीमें एक-दूसरे पर बढ़त बनाने की कोशिश करती रहीं, लेकिन अंततः पश्चिम रेलवे ने अंतिम मिनट में निर्णायक गोल कर जीत सुनिश्चित की।
महिला वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में दक्षिण मध्य रेलवे ने उत्तर रेलवे को 30-23 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दक्षिण मध्य रेलवे की टीम ने शुरू से ही आक्रामक रणनीति अपनाई और बढ़त बनाए रखी। उनकी मजबूत रक्षा और तेज काउंटर अटैक विपक्षी टीम पर भारी पड़े।
प्रतियोगिता के दौरान स्टेडियम में उपस्थित दर्शकों का उत्साह देखते ही बनता था। हर गोल पर तालियों की गड़गड़ाहट और खिलाड़ियों का जोश मैदान के माहौल को और अधिक ऊर्जावान बना रहा था। कर्मचारियों, खेलप्रेमियों और परिवारों की उपस्थिति ने आयोजन को उत्सव का स्वरूप दे दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल चिकित्साधिकारी डॉ. विजय सिंह दुर्गा प्रसाद, उप मुख्य अभिकल्प इंजीनियर/विद्युत श्री नीरज सिंह, उप मुख्य सामग्री प्रबंधक/लोको श्री शिवम दुबे, उप मुख्य सामग्री प्रबंधक/सेल श्री राहुल सिंह यादव, सदस्य कर्मचारी परिषद श्री श्रीकांत यादव एवं श्री मनीष कुमार सिंह सहित अनेक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके खेल कौशल की सराहना की।
प्रतियोगिता अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और फाइनल मुकाबलों को लेकर खेलप्रेमियों में विशेष उत्सुकता देखी जा रही है। बरेका में खेल प्रतिभा और प्रतिस्पर्धा का यह संगम न केवल खिलाड़ियों के लिए बल्कि पूरे रेलवे परिवार के लिए गौरव का अवसर बन गया है।









