वाराणसी। महानगर उद्योग व्यापार समिति का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को मंडलायुक्त एस. राजलिंगम एवं नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल से मुलाकात कर शहर के सुनियोजित विकास, सुगम यातायात व्यवस्था तथा रोपवे निर्माण से उत्पन्न समस्याओं को लेकर वार्ता की।प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि रोपवे निर्माण के चलते लक्सा से गिरजाघर एवं गोदौलिया आने-जाने वाले मार्ग पर बीते कई महीनों से दोपहिया वाहनों एवं पैदल आवागमन पर रोक लगी हुई है। इससे नागरिकों, तीर्थयात्रियों एवं ग्राहकों को बाबा विश्वनाथधाम दर्शन व मां गंगा की आरती में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं हजारों दुकानों का व्यापार भी प्रभावित हो गया है। व्यापारियों ने अवगत कराया कि बेनियाबाग, रामापुरा, लक्सा एवं मैदागिन से ऑटो व ई-रिक्शा के संचालन पर रोक के कारण बुजुर्ग, महिलाएं एवं तीर्थयात्री बाजार तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे काशी का यह प्राचीन एवं प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आवागमन व्यवस्था को शीघ्र सुगम बनाने की मांग की। इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने सुझाव दिया कि शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्रों में नगर निगम एवं वाराणसी विकास प्राधिकरण की उपलब्ध जमीनों पर छोटी पार्किंग विकसित कर सड़क पर खड़े वाहनों से होने वाले जाम की समस्या को दूर किया जा सकता है। पर्व-त्योहारों के दौरान लगाए गए बैरिकेड्स/रेलिंग को त्योहार समाप्त होने के बाद भी न हटाए जाने से मार्ग संकरा हो जाता है, जिससे लोगों को परेशानी होती है। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से बातचीत की तथा रोपवे निर्माण अवधि के दौरान प्रतिबंधित मार्गों पर व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए गोल्फ कार्ट चलाने का आश्वासन दिया। वहीं नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने निगम की भूमि पर छोटी एवं मल्टी-स्टोरी पार्किंग तथा सुलभ शौचालय निर्माण का भरोसा दिलाया।प्रतिनिधिमंडल में संरक्षक श्रीनारायण खेमका, अध्यक्ष प्रेम मिश्रा, महामंत्री अशोक जायसवाल सहित कई व्यापारी पदाधिकारी उपस्थित रहे।









