वाराणसी। मलदहिया स्थित एक होटल में रोटरी मंडल 3120 के नवनिर्वाचित मंडलाध्यक्ष (सत्र 2028–29) रोटेरियन मनकेश्वर नाथ पांडे के सम्मान में बनारस एवं मिर्जापुर के सभी रोटरी क्लबों द्वारा संयुक्त रूप से भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्साह, गरिमा और आत्मीयता का वातावरण बना रहा।
समारोह के संयोजक रोटेरियन प्रशांत नागर ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन डॉ. आशुतोष अग्रवाल ने की। इस अवसर पर रोटेरियन मनकेश्वर नाथ पांडे एवं उनकी धर्मपत्नी पूर्वी नारायण पांडे को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित सभी विशिष्ट अतिथियों का भी अभिनंदन किया गया।
अपने संबोधन में नवनिर्वाचित मंडलाध्यक्ष रोटेरियन मनकेश्वर नाथ पांडे ने आगामी सत्र के लिए अपना दृष्टिकोण साझा करते हुए सेवा कार्यों को गति देने, युवा नेतृत्व को प्रोत्साहन देने तथा समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुँचाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि रोटरी की मूल भावना ‘सेवा ही सर्वोपरि’ को आधार बनाकर कार्य किया जाएगा।

समारोह में मंडलाध्यक्ष नामित रोटेरियन दिनेश गर्ग, पूर्व मंडलाध्यक्ष रोटेरियन वी.एन. सिंह, रोटेरियन संजय अग्रवाल सहित विभिन्न रोटरी क्लबों के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्य उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त रोटेरियन हेमन्त अग्रवाल, रोटेरियन रवि शंकर सिंह, सुरेश खण्डेलवाल, राजेश भार्गव, दीपक माहेश्वरी, अजय, पियूष अग्रवाल, आनन्द बर्मन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में रोटरी डाउनटाउन के अध्यक्ष रोटेरियन सिद्धार्थ जायसवाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह ने रोटरी परिवार की एकजुटता और सेवा भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश दिया।









