वाराणसी। अर्दली बाजार स्थित एलटी कॉलेज परिसर के गोपाल लाल विला में सोमवार को राष्ट्र संत स्वामी विवेकानंद की 164वीं जयंती समारोह हर्ष व सादगी के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एलटी कॉलेज के प्राचार्य अखिलेश पाण्डेय एवं सेंट्रल बार के नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेन्द्र प्रताप सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव, सेंट्रल बार के नवनिर्वाचित वरिष्ठ उपाध्यक्ष शशांक शेखर त्रिपाठी तथा नित्यानंद राय मौजूद रहे। कार्यक्रम के संयोजक विनोद पाण्डेय एवं विपुल पाठक ने अतिथियों का माल्यार्पण व बुके देकर स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ स्वामी अतुलानन्द की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं ‘वंदे मातरम्’ की भावपूर्ण प्रस्तुति से हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रेम प्रकाश सिंह गौतम ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ऐसे महान संत थे, जिन्होंने अपनी वाक्पटुता, विचारों और शांति संदेश से पूरे विश्व को प्रभावित किया। ऐसे महान व्यक्तित्व की स्मृति में इस परिसर में स्मारक एवं ग्रंथालय का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।सेंट्रल बार के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शशांक शेखर त्रिपाठी ने कहा कि स्मारक निर्माण के लिए कई बार मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री को आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक इस ऐतिहासिक परिसर की ओर ध्यान नहीं दिया जाना चिंताजनक है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने भी स्मारक निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम का संचालन अर्दली बाजार व्यापार मंडल के महामंत्री मनोज दुबे ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन राकेश गुप्ता द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामकृष्ण मिशन से पधारे संत ने की। मुख्य आयोजक विनोद पाण्डेय ‘भैया जी’ के साथ मुंबई से आए निमित्त घोष, आशुतोष दत्त मिश्रा, रेनू, अधिवक्ता रंजीत राय, विपुल कुमार पाठक, अंजनी सिंह, धीरेंद्र श्रीवास्तव, अश्वनी राय, संजीवन यादव, अनूप चौबे, नित्यानंद राय, उदयनाथ शर्मा, जितेंद्र यादव, राजीव सिंह, गौतम झा, मनीष सिंह सहित अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अतुलानन्द स्कूल की मेधावी छात्राओं आस्था, अदिति एवं अर्पिता द्वारा वंदे मातरम्, राष्ट्रगान एवं भजनों की सुंदर प्रस्तुति दी गई। समारोह के अंत में रामकृष्ण मिशन के संतों द्वारा सैकड़ों वृद्धों, विधवाओं एवं दिव्यांगजनों को गर्म कंबल वितरित किए गए।









