वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के गणित विभाग में सोमवार को राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विभागाध्यक्ष प्रो. अखिलेश चंद्र यादव ने दीप प्रज्वलित कर की।कार्यक्रम में अतिथि वक्ता डॉ. वरुण कुमार ने महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन के जीवन, उनके संघर्ष और गणित जगत में दिए गए अद्भुत योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रेरणा लेते हुए विश्लेषणात्मक सोच और शोधात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का आह्वान किया।प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और गणितीय विषयों पर अपनी ज्ञान-परीक्षा दी। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों में गणित के प्रति रुचि एवं तर्क शक्ति को प्रोत्साहित करना था।कार्यक्रम में विभाग के शिक्षकगण डॉ. शशि प्रकाश, डॉ. दिनेश कुमार मौर्य, सौरभ सिंह सहित अन्य अध्यापकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आयोजन के अंत में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और गणित के क्षेत्र में नवाचार की दिशा में निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया गया।









