प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए प्रायोगिक परीक्षाओं की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब इंटर की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 4 फरवरी 2026 तक आयोजित की जा सकेंगी। पहले यह परीक्षाएं प्रथम चरण में 1 फरवरी तक संपन्न होनी थीं।
बोर्ड की ओर से यह निर्णय कई विद्यालयों में प्रायोगिक परीक्षाएं शेष रहने की स्थिति को देखते हुए लिया गया है। यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह तिथि विस्तार विशेष परिस्थितियों में किया गया है, ताकि किसी भी परीक्षार्थी को नुकसान न उठाना पड़े।
यह निर्णय खासतौर पर प्रदेश के आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, बस्ती, झांसी, चित्रकूट, फैजाबाद, आजमगढ़ एवं देवीपाटन मंडल के अंतर्गत आने वाले जनपदों के इंटरमीडिएट परीक्षार्थियों के लिए लागू होगा।

बोर्ड ने संबंधित विद्यालयों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रायोगिक परीक्षाएं पूर्ण कर लें और मूल्यांकन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। वहीं विद्यार्थियों से भी कहा गया है कि वे अपने विद्यालय से संपर्क बनाए रखें और परीक्षा तिथियों की जानकारी समय पर प्राप्त करते रहें।
यूपी बोर्ड के इस फैसले से हजारों छात्रों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, जो किसी कारणवश अभी तक प्रायोगिक परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए थे।









