वाराणसी। महिलाओं व लड़कियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चेतगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं के साथ छेड़खानी और अश्लील हरकतें करने वाले एक शोहदे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराध व अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज व प्रभारी निरीक्षक चेतगंज के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम सक्रिय रूप से क्षेत्र में गश्त व चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि यादव होटल के पास एक युवक आने-जाने वाली महिलाओं को देखकर अश्लील हरकतें कर रहा है और अश्लील गाने गाकर उन्हें परेशान कर रहा है।
सूचना मिलते ही मिशन शक्ति टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाना चेतगंज ले आई। पूछताछ में उसकी पहचान शोभित श्रीवास्तव पुत्र रोशन लाल श्रीवास्तव, निवासी सी-6/179 बी बागबरियार सिंह, थाना चेतगंज वाराणसी, उम्र लगभग 26 वर्ष के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 51/2026 धारा 296 बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में क्रमशःप्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, थाना चेतगंज,महिला उपनिरीक्षक आदर्शिका,हेड कांस्टेबल अखिलेश भारती और कांस्टेबल संजय प्रताप शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।









