प्रयागराज। माघ मेला 2026 के सफल, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालु-सुविधाजनक आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियों ने तेज़ी पकड़ ली है। इसी क्रम में मंगलवार को मंडलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल ने मेला अधिकारी श्री ऋषि राज सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र में चल रहे विकास एवं बुनियादी सुविधाओं के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। मंडलायुक्त ने काली पुल से झूंसी की ओर सेक्टर-4 में पहुंचकर काली मार्ग, रामानुजाचार्य मार्ग, अक्षयवट मार्ग तथा संगम लोवर मार्ग पर कराए जा रहे समतलीकरण कार्यों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान विद्युत विभाग, जल निगम तथा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कराए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। जहां-जहां दलदली भूमि का समतलीकरण किया जा रहा था, वहां विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। साथ ही शौचालयों की प्रस्तावित साइटिंग के लिए चिन्हित स्थलों का भी अवलोकन किया गया। स्थलीय निरीक्षण के उपरांत मंडलायुक्त ने सेक्टर-6 स्थित कार्यालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सेक्टरवार संचालित कार्यों की विस्तृत जानकारी लेते हुए उनकी प्रगति की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल ने मेला अधिकारी को निर्देशित किया कि शेष बचे सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कराने हेतु अतिरिक्त मैनपावर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने वेंडरों को भी निर्देश दिया कि सभी सेक्टरों की संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित करते हुए शौचालयों की स्थापना का कार्य शीघ्र पूरा करें, ताकि मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि माघ मेला 2026 में श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए समयबद्ध रूप से तैयारियों को पूर्ण करें।









