वाराणसी। राजातालाब स्थित आराजीलाईन विकास खंड के भीमचंडी गाँव में बुधवार को मनरेगा मजदूर यूनियन के बैनर तले ‘मनरेगा बचाओ अभियान’ के अंतर्गत एक विरोध बैठक का आयोजन किया गया। ब्रह्मबाबा मंदिर प्रांगण में हुई इस बैठक में कार्यकर्ताओं और मजदूरों ने विकसित भारत–जी–राम–जी विधेयक, मनरेगा योजना के नाम में बदलाव तथा रोजगार गारंटी से जुड़े मुद्दों पर केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने मनरेगा से संबंधित प्रस्तावित बदलावों को मजदूरों और गरीब वर्ग के हितों के प्रतिकूल बताते हुए इन्हें तत्काल वापस लेने की मांग की। यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार मजदूरों के संवैधानिक अधिकारों और आजीविका की सुरक्षा की अनदेखी कर रही है, जिससे ग्रामीण गरीबों की स्थिति और कमजोर होगी।
कार्यक्रम का नेतृत्व रेनू पटेल ने किया, संचालन राजकुमार गुप्ता एवं अध्यक्षता निर्मला देवी ने की। बैठक में मुस्तफा, सरोज पटेल, कविता, रेनु पटेल, सुरेश राठौर, राजकुमार गुप्ता, पूजा गौतम, शांति, राधा, शुशीला, मंशा, राजकुमारी, राधिका सहित बड़ी संख्या में मनरेगा मजदूर उपस्थित रहे।

अंत में यूनियन के कार्यकर्ताओं व मजदूरों ने मनरेगा को बचाने और रोजगार गारंटी को मजबूत करने के संकल्प के साथ आंदोलन को आगे बढ़ाने का ऐलान किया।









