वाराणसी। वाराणसी में कानून-व्यवस्था को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। नए साल के अवसर पर मणिकर्णिका घाट क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात दरोगा अभिषेक त्रिपाठी के साथ कथित तौर पर भाजपा पार्षद के बेटे द्वारा थप्पड़ मारने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला प्रकाश में आया है। घटना उस समय हुई जब पुलिस प्रशासन नो-एंट्री ज़ोन में भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने में जुटा हुआ था। इस घटना को लेकर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और हालात ऐसे हो गए हैं कि अब पुलिस प्रशासन भी सुरक्षित नहीं है। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में डबल इंजन की सरकार पूरी तरह बेलगाम हो चुकी है।राघवेंद्र चौबे ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपी के खिलाफ सख्त और ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस कार्यकर्ता मैदागिन टाउनहॉल स्थित गांधी प्रतिमा के पास अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पार्षद का पुत्र मनबढ़ किस्म का व्यक्ति है, जो पूर्व में भी धमकी, वसूली और रंगदारी जैसी गतिविधियों में लिप्त रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि बीते महीने पांडेयपुर पुलिस चौकी पर अपने साथियों के साथ मारपीट की घटना को भी अंजाम दिया गया था, लेकिन राजनीतिक संरक्षण के चलते अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी। कांग्रेस ने मांग की है कि कानून का राज स्थापित करते हुए बिना किसी दबाव के आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।









