वाराणसी। शादी की खुशियों के बीच अचानक मातम सा माहौल बन गया, जब काली महाल में समारोह में शामिल होने आए एक बुजुर्ग लापता हो गए। परिजनों की घबराहट बढ़ती जा रही थी, लेकिन तभी पांदरीबा चौकी पुलिस ने ऐसा काम किया, जिसकी चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है।
आशापुर की रहने वाली एक महिला अपने परिवार के साथ शादी में शामिल होने आई थीं। कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब सभी घर लौटने लगे, तो उनके पिता अचानक कहीं दिखाई नहीं दिए। कुछ ही पलों में खुशियां चिंता में बदल गईं। काफी खोजबीन के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने 112 आपातकालीन सेवा पर कॉल किया।
सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज रोहित तिवारी ने बिना देर किए टीम के साथ मोर्चा संभाल लिया। कांस्टेबल गुड्डू कुमार विश्वकर्मा और एचजी चालक विनोद शर्मा सहित 112 टीम (वाहन संख्या टीआरबी 4636) ने आसपास के इलाकों में तेजी से तलाश शुरू कर दी।

पुलिस की सक्रियता का नतीजा यह रहा कि महज 15 मिनट के भीतर बुजुर्ग सुरक्षित मिल गए। उन्हें सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया गया। पिता को सुरक्षित देख बेटी की आंखों से आंसू छलक पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने भी पुलिस की फुर्ती और संवेदनशीलता की जमकर सराहना की। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वाराणसी पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था ही नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं को भी सर्वोपरि रखती है।









