वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना लंका पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया तथा उसके कब्जे से चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर व प्रभारी निरीक्षक लंका के नेतृत्व में थाना लंका पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मु0अ0सं0 0132/2026, धारा 303(2) व 317(2) बीएनएस से संबंधित अभियुक्त लोकेश पुत्र स्व. संजय राय, निवासी ग्राम व पोस्ट अमिला, थाना घोसी, जिला मऊ (उम्र लगभग 30 वर्ष) को 14 मार्च 2026 की रात लगभग 10:30 बजे मदरवा के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल (नं. UP67V0020) भी बरामद कर ली।
पुलिस के अनुसार 11 मार्च 2026 को एक प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ था, जिसमें अज्ञात व्यक्ति द्वारा गंगोत्री विहार कॉलोनी, नगवा क्षेत्र से बुलेट मोटरसाइकिल चोरी किए जाने की सूचना दी गई थी। इस संबंध में थाना लंका में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की गई थी।

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि उसने गंगोत्री विहार कॉलोनी नगवा से बुलेट मोटरसाइकिल चोरी की थी और उसे मदरवा के पास गंगा नदी किनारे एक पेड़ के पास छिपाकर रख दिया था। उसका इरादा कुछ दिन बाद मोटरसाइकिल को वहां से निकालकर अपने घर ले जाने का था। अभियुक्त ने बताया कि उसने अपने शौक को पूरा करने के लिए यह चोरी की थी। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार, उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार सिंह (चौकी प्रभारी नगवा), उपनिरीक्षक राहुल, कांस्टेबल कृष्णकांत पाण्डेय, कांस्टेबल अमित शुक्ला, कांस्टेबल सूरज सिंह, कांस्टेबल पवन यादव तथा सर्विलांस सेल के कांस्टेबल प्रशांत तिवारी शामिल रहे।









