वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के खेलकूद स्टेडियम में आयोजित 18वीं अंतर रेलवे हैंडबॉल प्रतियोगिता (2025-26) के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर खेल प्रेमियों को रोमांचित कर दिया। बरेका खेल संघ के तत्वावधान में चल रही इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के विभिन्न रेलवे जोनों और उत्पादन इकाइयों से आई टीमों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिल रहे हैं।
18 फरवरी को प्रातःकालीन सत्र में पुरुष वर्ग के मुकाबलों में बरेका ने दक्षिण मध्य रेलवे को 19-13 से पराजित किया। पूर्वोत्तर रेलवे ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को 28-10 से शिकस्त दी। उत्तर रेलवे ने उत्तर पश्चिम रेलवे को 24-21 से हराया, जबकि पश्चिम रेलवे ने पटियाला लोकोमोटिव वर्क्स को 10-07 से मात दी। महिला वर्ग में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने उत्तर रेलवे को 24-16 से तथा दक्षिण मध्य रेलवे ने पूर्वोत्तर रेलवे को 27-15 से हराया।
सायंकालीन सत्र में दक्षिण मध्य रेलवे ने रेलवे बोर्ड को 11-02 से परास्त किया। पटियाला लोकोमोटिव वर्क्स ने रेलवे सुरक्षा बल को 22-21 से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। उत्तर रेलवे ने बरेका को 22-19 से हराया, वहीं पश्चिम रेलवे ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को 13-01 से शिकस्त दी।

19 फरवरी को प्रातःकालीन सत्र में पुरुष वर्ग में उत्तर पश्चिम रेलवे ने बरेका को 29-19 से हराया। उत्तर रेलवे ने रेलवे बोर्ड को 07-04 से पराजित किया, जबकि रेलवे सुरक्षा बल ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को 08-04 से मात दी। पूर्वोत्तर रेलवे और पश्चिम रेलवे के बीच खेला गया मुकाबला 17-17 की बराबरी पर छूटा, जिसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
महिला वर्ग में पूर्वोत्तर रेलवे ने मध्य रेलवे को 22-18 से तथा उत्तर रेलवे ने पश्चिम रेलवे को 19-14 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बेहतरीन तालमेल, तेज आक्रमण और सशक्त रक्षा कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन देखने को मिला। मैदान में उपस्थित दर्शकों ने तालियों और उत्साहवर्धन से खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया, जिससे पूरा वातावरण जोश और ऊर्जा से सराबोर रहा।









