वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में बुधवार को चितरंजन लोकोमोटिव वर्क्स (सीएलडब्ल्यू) के महाप्रबंधक मोहित चंद्रा तथा रेलवे बोर्ड के पीईडी/ईई/डेवलपमेंट पंकज शर्मा ने महत्वपूर्ण दौरा कर विभिन्न उत्पादन इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
दौरे के दौरान दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने बरेका की उत्पादन क्षमता और तकनीकी दक्षता का प्रत्यक्ष अवलोकन करते हुए कर्मशाला का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप तथा लोको टेस्ट शॉप सहित विभिन्न उत्पादन इकाइयों का भ्रमण किया और लोकोमोटिव निर्माण में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों, गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली तथा उत्पादन प्रक्रियाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्मचारियों की कार्यकुशलता और समर्पण की सराहना करते हुए बरेका की उपलब्धियों की प्रशंसा की।
कर्मशाला भ्रमण के बाद प्रशासन भवन स्थित महाप्रबंधक कॉन्फ्रेंस हॉल में महाप्रबंधक आशुतोष पंत की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोकोमोटिव निर्माण में अत्याधुनिक तकनीकी नवाचार, उत्पादन क्षमता में वृद्धि तथा गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उपायों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान बरेका के वरिष्ठ अधिकारियों ने उत्पादन प्रणाली के आधुनिकीकरण और तकनीकी उन्नयन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

इस अवसर पर महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने पर्यावरण संरक्षण और हरित पहल को बढ़ावा देने के प्रतीक स्वरूप सीएलडब्ल्यू महाप्रबंधक मोहित चंद्रा एवं रेलवे बोर्ड के पीईडी/ईई/डेवलपमेंट पंकज शर्मा को पौधा भेंट कर सम्मानित किया।
बैठक में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर सुशील कुमार श्रीवास्तव, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेकशील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेंद्र कुमार सिंह, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरे को भारतीय रेलवे की उत्पादन इकाइयों के बीच तकनीकी सहयोग, नवाचार और गुणवत्ता उन्नयन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।









