Follow us on

Home » ब रे का » बरेका में ‘राष्ट्रीय संरक्षा सप्ताह’ के तहत जागरूकता की गूंज, प्रभात फेरी से लेकर प्रशिक्षण व प्रतियोगिताओं का आयोजन

बरेका में ‘राष्ट्रीय संरक्षा सप्ताह’ के तहत जागरूकता की गूंज, प्रभात फेरी से लेकर प्रशिक्षण व प्रतियोगिताओं का आयोजन

Share this post:

वाराणसी, 6 मार्च। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में 55वें राष्ट्रीय संरक्षा सप्ताह के अंतर्गत शुक्रवार को विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। महाप्रबंधक आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आमजन के बीच सुरक्षा के प्रति सजगता और जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई, जिसे मुख्य संरक्षा अधिकारी राम जन्म चौबे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रभात फेरी कुंदन तिराहा से प्रारंभ होकर सूर्य सरोवर, काली मंदिर, बैंक ऑफ़ बड़ौदा तथा बरेका कॉलोनी के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः कुंदन तिराहा पर आकर संपन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों के हाथों में संरक्षा से जुड़े नारों वाली तख्तियां और बैनर थे, जिनके माध्यम से लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया गया। प्रभात फेरी के दौरान लगाए गए संरक्षा संबंधी नारों से पूरा बरेका परिसर गूंज उठा और माहौल में सुरक्षा जागरूकता का संदेश प्रसारित हुआ।

इसी क्रम में बरेका कर्मशाला के लोको डिवीजन में कर्मचारियों के लिए विशेष संरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अग्नि सुरक्षा और व्यक्तिगत संरक्षा उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही संरक्षा शपथ, संरक्षा प्रश्नोत्तरी तथा पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सप्ताहव्यापी कार्यक्रमों की श्रृंखला में कर्मशाला परिसर में कार्यरत संविदा कर्मचारियों के लिए भी विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान उन्हें अग्नि सुरक्षा उपायों, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के उपयोग तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन के बारे में जानकारी दी गई और संरक्षा शपथ दिलाई गई। कर्मचारियों ने इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

बच्चों में सुरक्षा जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से बरेका के पेंटिंग स्कूल “कलांजलि” में “उन्नत सुरक्षा के लिए लोगों को संलग्न करें, शिक्षित करें और सशक्त बनाएं” विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मकता के माध्यम से सुरक्षा संदेशों को रंगों में उकेरा।

उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी बनारस रेल इंजन कारखाना में 4 से 10 मार्च तक 55वें राष्ट्रीय संरक्षा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यस्थल तथा समाज में सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

इस अवसर पर उप मुख्य संरक्षा अधिकारी अक्षय कांत धुसिया, सहायक कार्मिक अधिकारी एवं मंडल कमांडर (सचिव) पीयूष मिंज, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ब्रिगेड, भारत स्काउट एंड गाइड, बरेका नागरिक सुरक्षा संगठन, रेलवे सुरक्षा बल के जवानों के साथ बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x