वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में बरेका खेल संघ के तत्वावधान में आयोजित अंतर विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता 2025–26 का फाइनल मुकाबला रविवार को खेला गया। फाइनल मैच इंजन डिवीजन और सिविल, भंडार एवं डिपो की टीम के बीच हुआ, जिसमें सिविल, भंडार एवं डिपो की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 38 रन से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
मैच से पूर्व मुख्य अतिथि वरिष्ठ आंकड़ा संसाधन प्रबंधक एवं सचिव (क्रिकेट), बरेका श्री एस.के. सिंह, संयुक्त सचिव कर्मचारी परिषद श्री प्रदीप कुमार यादव, कर्मचारी परिषद के सदस्य श्री श्रीकांत यादव, श्री मनीष कुमार सिंह तथा श्री सुशील कुमार सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सिविल, भंडार एवं डिपो की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए। टीम की ओर से अमित कुमार सिंह ने 51 रन, लक्ष्मी शंकर ने 30 रन, अमित कुमार ने 22 रन, मुन्ना यादव ने 19 रन तथा आनंद वार्ष्णेय ने 12 रनों का योगदान दिया। इंजन डिवीजन की ओर से गेंदबाजी करते हुए बालाजी और रवि प्रजापति ने दो-दो विकेट तथा मृत्युंजय सिंह ने एक विकेट हासिल किया।

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंजन डिवीजन की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 130 रन ही बना सकी। इंजन डिवीजन की ओर से मृत्युंजय सिंह ने 38 रन, शिवलाल यादव ने 24 रन, संतोष कुमार ने 18 रन तथा दिनेश यादव ने 16 रन बनाए। सिविल, भंडार एवं डिपो की ओर से गेंदबाजी में जगदीश्वर सोरेन, सुनीत कुमार, अमित कुमार, प्रशांत और आनंद वार्ष्णेय ने एक-एक विकेट लिया।
मैच के दौरान उपस्थित दर्शकों ने खिलाड़ियों का लगातार उत्साहवर्धन करते हुए पूरे मैदान में रोमांचक माहौल बनाए रखा।
मैच के उपरांत संयुक्त सचिव कर्मचारी परिषद श्री प्रदीप कुमार यादव ने सिविल, भंडार एवं डिपो के कप्तान अमित कुमार को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए “प्लेयर ऑफ द मैच” पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कर्मचारी और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।









